6 जुल॰ 2013

तीन अगस्त से फतेहपुर में सेना की भर्ती रैली

  • बुंदेलखंड सहित सात जनपदों के युवक भर्ती में ले सकते हिस्सा
  • 16 जुलाई से लखनऊ की प्रस्तावित भर्ती के स्थान पर फतेहपुर का हुआ चयन

बुंदेलखंड सहित सात जनपदों के युवकों के लिए एक सुनहरा अवसर है। 3 अगस्त से 12 अगस्त तक फतेहपुर मुख्यालय में सेना भर्ती रैली का आयोजन किया गया है। शासन के अनुसचिव राकेश कुमार ने डीएम को पत्र भेजकर भर्ती के लिए आवश्यक व्यवस्था कराने को कहा है।

सेना भर्ती रैली में लखनऊ, फतेहपुर, उन्नाव, कानपुर देहात, बांदा, चित्रकूट, एवं महोबा जनपद के युवक भाग ले सकते है। प्रदेश शासन के अनुसचिव राकेश कुमार ने डीएम को भेज पत्र में कहा है कि यह सेना भर्ती रैली पहले लखनऊ में 16 जुलाई से 24 जुलाई तक को प्रस्तावित थी। लेकिन शासन ने बाद में निर्णय लिया कि भर्ती रैली लखनऊ के बजाए फतेहपुर जनपद में कराई जाए। उन्होंने कहा कि लखनऊ की जगह अब फतेहपुर में सेना भर्ती रैली 3 से 12 अगस्त के बीच कराई जाएगी। उन्होंने इसकी जानकारी मुख्यालय भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल यशबाली को दी है।

पिछड़े जनपद के नवयुवकों को सैनिक बनने का अवसर दिलाने के लिए फतेहपुर विचार मंच ने पहल की। मंच के संयोजक स्वामी विज्ञानानंद ने पत्रकारों को बताया कि सेना भर्ती स्थल में जनपद का नाम चयनित हो गया है। सेना में जाने के लिए तैयारी कर रहे नवयुवकों के लिए यह सुनहरा अवसर है। उन्होने जिलाधिकारी से मांग किया कि सेना भर्ती के लिए आवश्यक इंतजाम करा दिए जाएं।